रेलवे स्टेशन में टला बड़ा हादसा, चलती मालगाड़ी में विस्फोट
ओवरलोड कोयला के कारण घटी दुर्घटना, ट्रेनें हुई बाधित
अनूपपुर। अनूपपुर रेलवे स्टेशन में सोमवार की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह लगभग 5 बजे अनूपपुर रेलवे स्टेशन में बिलासपुर की ओर से कटनी की ओर जा रही एक मालगाड़ी जिसमें कोयला ओवरलोड होने के कारण ऊपर फैली हाई टेंशन लाइन में छू गई जिस कारण से स्टेशन परिसर पर ही विस्फोट होने लगा और चारों ओर बिजली की चिंगारी दिखाई देने लगी।
बताया जा रहा है कि जिस दौरान यह घटना घटी उसी दौरान स्टेशन परिसर के प्लेटफार्म नंबर 1में रीवा बिलासपुर पैसेंजर खड़ी हुई थी वहीं प्लेटफॉर्म नंबर 4 में गोंदिया बरौनी ट्रेन आने वाली थी इस दौरान यात्री भी वहीं पर आवागमन कर रहे थे गनीमत रही की मालगाड़ी दूसरी पटरी पर गुजर रही थी और गाड़ी के ऊपर तेज चिंगारी आग के रूप में चारों ओर फैलती हुई दिखाई दी।
कुछ प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों ने बताया कि यह घटना इतनी भयानक थी कि काफी देर तक पूरे ट्रेन में चिंगारी निकलती रही हालांकि आनन फानन में रेल कर्मियों के द्वारा उक्त मालगाड़ी को प्लेटफार्म नंबर 4 के अतिरिक्त यार्ड में खड़ा कर दिया गया है लेकिन अभी भी उसमें से कुछ चिंगारियां निकलती हुई दिखाई दे रही है और वहीं पर सवारी ट्रेन भी खड़ी हुई है साथ ही बिजली की तारें स्टेशन परिसर में टूट कर गिरी हुई थी। जिस कारण से यात्रियों में काफी दहशत का माहौल बना हुआ है।
वहीं यात्रा कर रहे यात्रियों ने बताया कि इस घटना के बाद से यात्री ट्रेन काफी बाधित हुई है और कई ट्रेनों को जैतहरी और छुलहा, मौहरी रेलवे स्टेशन में रोका गया है। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
देखें live वीडियो...




0 Comments